हिरण शिकारियों व पुलिस के बीच मुठभेड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, बज्जू थाने के सामने उग्र प्रदर्शन

हिरण शिकार पर हंगामा: पूरे दिन पुलिस के लिए रहा व्यस्त दिन, हथियार व घायल हिरण बरामद

ग्रामीणों व जीवप्रेमियों ने थाने का किया घेराव, कोलायत, हदां और रणजीतपुरा पुलिस ने शिकारियों को किया काबूचार थानों में पांच मामले दर्ज, एक फरार

बज्जू, हिरण शिकारियों और पुलिस के बीच में शनिवार रात को मुठभेड़ हुई। शिकारियों ने कोलायत थानाधिकारी व उनकी टीम पर हमला कर दिया। शिकारियों को काबू करने में कोलायत, बज्जू, हदां, रणजीतपुरा व नाल थाना पुलिस को करीब करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। वहीं रविवार को शिकार प्रकरण को लेकर जीव प्रेमियों ने शिकारियों की परेड व सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर बज्जू थाने का घेराव भी किया। आक्रोशित ग्रामीणों व जीव प्रेमियों ने थाने पर पत्थर फेंके। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने बेवजह उन पर लाठीचार्ज किया।

यह है घटनाक्रम:-
पुलिस कंट्रोल रूम में शनिवार शाम साढ़े चार बजे सूचना मिली कि राणजीतपुरा मोडिया मोड़ पर दो गाडिय़ों में शिकारी हिरण का शिकार कर रहे हैं। शिकारी एक हिरण को गोली मार कर भागे हैं। सूचना के बाद रणजीतपुरा पुलिस शिकारियों के पीछे लगी। पुलिस को शिकारियों के बज्जू की तरफ भागने की सूचना मिली। तब बज्जू पुलिस को अलर्ट किया और पीछे लगाया। शिकारियों की एक गाड़ी कोलायत की तरफ गई। कोलायत एसएचओ लखबीर सिंह व उनकी टीम शिकारियों के पीछे लगी। वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने मौके से घायल हिरण को बरामद किया, जिसे उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भिजवाया गया।

कोलायत पुलिस के साथ भिड़े शिकारी:-
कोलायत एसएचओ लखबीर सिंह को शिकारियों की सूचना मिलने पर वे टीम के साथ उनके पीछे लगे। शिकारी हदां थाना क्षेत्र से दियातरा होते हुए भोम हेमसिंह की ढाणी में पहुंच गए। तब वहां पर शिकारियों का कोलायत पुलिस से सामना हुआ। पुलिस को देखकर शिकारी गाड़ी को रोही में भगा ले गए। एक शिकारी गाड़ी से नीचे गिर गया, जिसे पुलिस ने संभाला। उसे मामूली चोट भी आई। बाद में शिकारी जब पुलिस से घिर गए, तो उन्होंने पुलिस पर हमला करना शुरू कर दिया। यहां पर पुलिस और शिकारियों के बीच में जोरदार मुठभेड़ हुई। बाद में हदां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शिकारियों को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से शिकार में प्रयुक्त वाहन और हथियार बरामद हुआ। बज्जू पुलिस ने बीठनोक के पास तीन शिकारियों को पकड़ा।

पुलिस को खूब छकाया, बाल-बाल बचे:-
शिकारियों ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी को बहुत तेजी से रेतीले धोरों और उबड़- खाबड़ रास्तों पर चलाया। कोलायत पुलिस जिन शिकारियों का पीछा कर रही थी, उन्होंने पुलिस से बचने के लिए एक जेसीबी के बीच से गाड़ी निकाल दी। रेलवे लाइन से गाड़ी को छलांग लगाई, जिससे उन सभी के चोटें आई हैं। हादसे का शिकार होने के बाद ही पुलिस उन्हें पकड़ पाई। इसके बावजूद उन्होंने पुलिस से हाथापाई की।

पुलिस ने इनको पकड़ा:-
मलोट के रामनगर खजानसिंह निवासी स्नेहबीर (28) पुत्र हरविन्द्रजीत सिंह, घड़साना के छह एमएलडी निवासी गुरकीरत सिंह उर्फ कीरत (27) पुत्र जसकरण सिंह, 22 एमडी पंचायत 17 एमडी निवासी सुखजीत सिंह (25) पुत्र राजविन्द्र सिंह को पकड़ा, जिनके कब्जे से एक पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए। वहीं एक अन्य आरोपी मुक्तसर निवासी सुखवंत सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बज्जू थाने में मुक्तसर निवासी साहिल कटारिया (25) पुत्र स्व. प्रमोद धोबी, किलयावली निवासी हरजीत (52) पुत्र अंग्रेजसिंह को पकड़ा। एक नाबालिग को निरुद्ध किया। आरोपियों के पास से एक 12 बोर डबल बैरल व दूसरा 22 एलआर स्पोर्ट्स बंदूक जब्त की। स्पोर्ट्स बंदूक के 80 और 12 बोर के 103 कारतूस बरामद किए।

आंखों के सामने हिरण को गोली मारी…
जीव प्रेमी पीलीबंगा निवासी सुमित कुमार बिश्रोई ने बताया कि वह मोडिया फांटा पर खड़ा था। तभी दो गाडिय़ों में सात लोग आए। गाडियों से नीचे उतरे और एक हिरण के पीछे दौड़े। शिकारियों ने उसकी आंखों के सामने हिरण को गोली मार दी। तब उसने मोबाइल से शिकारियों का वीडियो बनाते हुए पीछा किया और ग्रामीणों को सूचना दी। शिकारियों को ललकारा, तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया। पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। सुमित ने बताया कि उसने जीप की चाबी निकाल ली, तब आरोपियों ने उसे घेर कर पीटा। शोर-शराबा सुनकर इकबाल, सुरेन्द्र सींगड़ आ गया। तब शिकारी भाग छूटे। इसके बाद माणकासर सरपंच को फोन कर इत्तला दी। माणकासर सरपंच जयसुखराम सींगड़ ने पुलिस की मदद से नाकाबंदी कराई, तब शिकारी पकड़ में आए।

आरोपी पंजाब के रहने वाले, मामले दर्ज:-
आरोपी पंजाब व घड़साना के हैं, जिनसे हथियार बरामद किए गए हैं। आरोपियों क खिलाफ बज्जू, हदां, रणजीतपुरा और कोलायत थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं वन विभाग की ओर से भी अलग कार्रवाई की जा रही है।
सुखदेव सिंह चारण, सीओ कोलायत