635 बीघा फर्जी आवंटन की भूमि के इंतकाल होंगे निरस्त

राजस्व मंडल में निकली बड़ी गड़बड़ी, अराजीराज भूमि को हड़पने का मामला, अब इन रकबों को खारिज करने का प्रस्ताव

खाजूवाला, राजस्थान की पश्चिमी सीमा से सटे छतरगढ़ उपखंड क्षेत्र में सैकड़ों बीघा अराजीराज भूमि को षड्यंत्र कर हड़प लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले का खुलासा होने पर अधिकारियों में हड़कंप है। दरअसल, उपखण्ड क्षेत्र की करीब 635 बीघा सरकारी जमीन का फर्जी दस्तावेज बनाकर बिना आवंटन भूमि को सरकारी रिकॉर्ड में अपने नाम करवा लिया गया। मजे की बात यह है कि इस भूमि का इंतकाल भी दर्ज करवा लिया गया। पूरे मामले में अफसरों-दलालों के गठजोड़ की आशंका जताई जा रही है।

यह है मामला:-


मामला छतरगढ़ उपखंड के सत्तासर ग्राम पंचायत का है। यहां उपखंड अधिकारी ने 30 मई-2023 को राजस्व तहसीलदार को पत्र भेजकर सत्तासर में बारानी भूमि की जांच कर रिपोर्ट भेजने को कहा। उपखंड अधिकारी ने दो बार पहले भी राजस्व तहसीलदार छतरगढ़ को पत्र भेजकर वांछित रिपोर्ट मांगी थी, जो नहीं मिली। इस पत्र के आधार पर राजस्व तहसीलदार ने हल्का पटवारी सत्तासर व भू.अ.निरीक्षक सत्तासर से संयुक्त जांच करवाई। इसमें चौकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि करीब 26 मुरब्बा भूमि का किसी प्रकार का नामान्तरण ही दर्ज नहीं है और न ही पूर्व में कभी संबंधित काश्तकारों का राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज हुआ। हल्का पटवारी सत्तासर व भू.अ.निरीक्षक सत्तासर ने संयुक्त रिपोर्ट देकर इस भूमि को खारिज करने का प्रस्ताव भेजा।

रिपोर्ट में यह लिखा:-


हल्का पटवारी सत्तासर व भू.अ.निरीक्षक सत्तासर की संयुक्त रिपोर्ट कहती है कि करीब डेढ़ दर्जन लोगों के नाम फर्जी तरीके से 635 बीघा आवंटित की गई। जांच में पाया गया कि वर्णित शुद्धि-पत्रों से संबंधित पूर्व में किसी प्रकार का नामान्तरण दर्ज नहीं है और न ही पूर्व में कभी संबंधित काश्तकार का राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज हुआ था। इसके आधार पर इन्हें खारिज किया जाना प्रस्तावित किया गया है।

अधिकारियों को आदेशित किया है:-


छतरगढ़ उपखंड के ग्राम सत्तासर का मामला सामने आया है। इस पर छतरगढ़ के अधिकारियों को आदेशित किया है। इस संबंध में नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

भगवती प्रसाद कलाल, जिला कलक्टर, बीकानेर

इस मामले को गंभीरता से लेकर जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नीरज के पवन, संभागीय आयुक्त, बीकानेर