











खाजूवाला, भारतीय किसान यूनियन इकाई खाजूवाला ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर रबी खरीफ 2020 के सिंचाई आबियाना का ब्याज माफ करने की मांग की है।
अध्यक्ष मनीराम जाखड़ ने बताया कि रबी 2021 की फसल काफी कमजोर हुई है क्योंकि इ.गा.न.प. का जो हिस्सा पंजाब में है उस क्षेत्र में नहर का पटड़ा डेमेज हो गया था। इस कारण से इ.गा.न.प. के काश्तकारों रबी फसल में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हुआ। इसलिए रबी की फसल का उत्पादन काफी कमजोर हुआ है। जिससे किसान की आर्थिक स्थिति पर विपरित असर पड़ा है। अब सिंचाई अधिकारियों व उनके अधीनस्थ कर्मचारियों तथा जल संगम अध्यक्षों द्वारा किसानों को हिदायत दी जा रही है कि बकाया सिंचाई आबियाना ब्याज सहित जमा करवाये। अन्यथा सिंचाई बारी काट दी जाएगी।
इ.गा.न.प. में 70 दिनों के क्लोजर के बाद जून माह में सिंचाई पानी आने की उम्मीद है इस सिंचाई पानी से किसान अपने खेत काश्त करके खरीफ फसल बोयेगा। अगर सिंचाई आबियाना जमा नहीं होने के अभाव में सिंचाई अधिकारियों द्वारा किसानों की बारी काट दी जाती है तो उस परिवार के भरण पोषण में परेशानी व राष्ट्रीय उत्पादन में कमी आएगी। इसलिए किसानों का बकाया सिंचाई आबियाने का ब्याज माफ करके आबियाना वसूल किया जाए।

 
 