राजस्थान में कब होगी मानसून की एंट्री? आईएमडी का नया अपडेट आया सामने
जयपुर। राजस्थान में इस साल मानसून की एंट्री कब होगी? इसको लेकर मौसम विभाग का नया अपडेट सामने आया है। आईएमडी की मानें तो इस बार राजस्थान में मानसून तय समय से पहले दस्तक देगा। अभी मानसून बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग और निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच गया। जो तीन-चार दिन में और आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के 27 मई को केरल पहुंचने के आसार हैं। इससे पहले कई राज्यों में बारिश हो सकती है। वहीं, राजस्थान में मानसून की एंट्री 18 से 20 जून तक हो सकती है। आईएमडी इससे पहले मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान जता चुका है। उसने अल नीनो की स्थिति को खारिज कर दिया था, जो भारतीय उपमहाद्वीप में सामान्य से कम बारिश से जुड़ी है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण भाग, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के ऊपर पछुआ हवाओं के प्रभाव में बढ़ोतरी हुई है। इससे मानसून के तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है। इन हिस्सों में ‘आउटगोइंग लॉन्गवेव रेडिएशन’ (ओएलआर) कम हुआ है। यह बादल छाए रहने का संकेत है। ओएलआर पृथ्वी से निकलने वाली ऊर्जा का माप है। ये स्थितियां मानसून के जल्दी आने की ओर इशारा कर रही हैं। ऐसे में राजस्थान में मानसून समय से पहले दस्तक देगा।