राजस्थान: प्रदेश में प्रमाण पत्र सेवाएं हुईं और आसान, अब व्हाट्सएप पर भी मिलेंगे जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र
R.खबर ब्यूरो। जयपुर, राजस्थान सरकार ने नागरिकों की सुविधा को और अधिक सहज और सुलभ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार अब राज्य में जन्म, मृत्यु और विवाह के प्रमाण पत्र केवल पोर्टल से डाउनलोड ही नहीं, बल्कि व्हाट्सएप पर भी उपलब्ध होंगे। यह सुविधा पहचान पोर्टल के अंतर्गत शुरू की गई है, जो पूरी तरह से ऑनलाइन, पारदर्शी और त्वरित सेवा प्रदान करता है।
बता दें कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण के समय व्हाट्सएप से जुड़े मोबाइल नंबर को अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा। यह कदम डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूती देने के साथ-साथ आमजन को तकनीक के ज़रिए सरकारी सेवाओं से जोडऩे की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।
राज्य सरकार की यह पहल न केवल प्रक्रियाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाएगी, बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत करेगी, जिससे लाखों नागरिकों को त्वरित लाभ मिलेगा।