शहर में बहा खून, कुल्हाड़ी से काटा और सरियों से किया हमला, 17 लोग लहुलुहान, 9 जने गंभीर हालत में..
R.खबर ब्यूरो। जयपुर से बड़ी खबर सामने आई है, यंहा जमीनी विवाद को लेकर आज सुबह दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि खेत जोतने के विवाद को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुल्हाड़ी, सरिए और लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में कुल 17 लोग घायल हो गए हैं। इस दौरान खेत में ही लोग लहुलुहान हालत में गिर गए।
आस पास में रहने वाले लोगों ने जब चिल्लाने की आवाज सूनी तो मौके पर पहुंचे। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मिली जानकारी के अनुसार मामला जयपुर जिले के किशनगढ़ रेनवाल थाना इलाके के बांसड़ी गांव का है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आस पास के लोग दहशत में आ गए। पुलिस की ओर से मौके पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। बांसड़ी गांव में एक खेत को लेकर लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद को लेकर आज सुबह दोनों पक्ष आमने सामने हो गए और देखते ही देखते मामला हाथापाई से खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में महिला व पुरूष कुल्हाड़ी, सरिए व अन्य हथियार लेकर आ गए और एक दूसरे पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत इलाज के लिए उप जिला अस्पताल रेनवाल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज रेनवाल के अस्पताल में चल रहा है।
थानाधिकारी देवेंद्र चावला ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराना जमीनी विवाद है। आज सुबह जब एक पक्ष खेत जोतने पहुंचा, तो दूसरे पक्ष ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई।
फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और घायल पक्षों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। गांव में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है ताकि दोबारा कोई तनाव न हो। पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।