राजस्थान: मिट्‌टी की ढाय गिरने से दर्जनभर लोग दबे, 4 की मौत, 7 को बाहर निकाला, बचाव कार्य जारी

राजस्थान: मिट्‌टी की ढाय गिरने से दर्जनभर लोग दबे, 4 की मौत, 7 को बाहर निकाला, बचाव कार्य जारी

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, भरतपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जंहा रूपवास इलाके में चंबल प्रोजेक्ट की पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्टी को निकालने के चक्कर में करीब एक दर्जन महिलाएं व पुरुष दब गए। मिली जानकारी के अनुसार हादसे में 3 महिला समेत एक युवक की मौत हो गई। हालांकि 7 लोगों को बाहर निकाल लिया गया। मिट्टी की ढाय के नीचे दबने से घायल लोगों को RBM अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कलेक्टर कमर चौधरी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

अचानक मिट्‌टी गिर पड़ी, चीख पुकार मची:-

जानकारी के अनुसार गहनौली थाना इलाके में जंगी का नगला के पास रविवार सुबह चंबल प्रोजेक्ट की पाइपलाइन का काम चल रहा था। यूपी के फतेहपुर सीकरी से आए करीब एक दर्जन महिला व पुरुषों पर अचानक मिट्‌टी गिर पड़ी। जिसमें सभी दब गए। इसके बाद वहां चीख पुकार मच गई।

मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए:-

हादसे की सूचना पर जिला प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बता दें कि 7 लोगों को मिट्‌टी के ढेर से बाहर निकाला गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनुकूल पुत्र विजेंद्र सिंह (24 वर्ष) जाट का उत्तु सांवरा फतेहपुर सीकरी, विमला श्रीपति (45 वर्ष) उत्तु सांवरा फतेहपुर सीकरी, योगेश कुमारी (25 वर्ष) पत्नी अमित कुमार व विनोद पत्नी मुंशीलाल (55 वर्ष) के रूप में हुई है। फिलहाल बचाव कार्य चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

यहां चल रही है चंबल की पाइपलाइन की खुदाई:-

जानकारी के अनुसार उत्तु सांवरा फतेहपुर सीकरी के समीप ही जग्गी का नगला रूपवास में पड़ता है जहां पर चंबल की पाइपलाइन की खुदाई चल रही थी। यह खुदाई करीब 10-12 फीट थी। जिसमें से पीली मिट्टी निकाली जा रही थी।