Govt Job: युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी, राजस्थान में पशुपालन विभाग को मिली 5778 पशु परिचरों की सौगात

Govt Job: युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी, राजस्थान में पशुपालन विभाग को मिली 5778 पशु परिचरों की सौगात

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है, यंहा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पशु परिचर भर्ती परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के युवाओं को रोजगार देने के संकल्प के तहत पशुपालन विभाग में 5778 पशु परिचरों का चयन किया गया है। जल्द ही इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे, जो प्रदेश के पशुपालन क्षेत्र को नई ताकत प्रदान करेंगे।

जानकारी के अनुसार कुल 6433 रिक्त पदों में से 5146 गैर-अनुसूचित क्षेत्र और 632 अनुसूचित क्षेत्र के लिए अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। बताया जा रहा है कि शेष 655 अभ्यर्थियों के परिणाम कुछ तकनीकी कारणों से रोके गए हैं। मंत्री कुमावत ने कहा कि यह भर्ती ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में पशुपालन सेवाओं को सशक्त करेगी। इससे पशुओं की देखभाल और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे सेवा प्रदायगी में उल्लेखनीय सुधार होगा।

यह कदम न केवल युवाओं को रोजगार प्रदान करेगा, बल्कि पशुपालन क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देगा। पशुपालकों को अब बेहतर सहायता मिलेगी, जिससे उनकी आजीविका में भी सुधार होगा। मुख्यमंत्री के इस प्रयास ने एक बार फिर साबित किया है कि राज्य सरकार युवा सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस भर्ती से राजस्थान के पशुपालन क्षेत्र में नई क्रांति की उम्मीद जगी है।