rkhabar
rkhabar
rkhabar

rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar

राजस्थान: शहरी इलाकों में लगेंगी 2 लाख LED स्ट्रीट लाइटें, दीपावली से पहले काम शुरू करने के निर्देश

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने शहरी विकास से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है। रविवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी बजट 2025-26 में प्रस्तावित 1 लाख LED स्ट्रीट लाइटों की संख्या बढ़ाकर 2 लाख करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य शहरों को रोशन करना, नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाना, ऊर्जा की बचत करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

दीपावली से पहले काम शुरू होगा:-

मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत दीपावली से पहले की जाए, ताकि त्योहारी सीजन में प्रदेश के शहर रोशनी से जगमगाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक फैसला नहीं है, बल्कि “हर सड़क, हर मोहल्ला और हर बाजार रोशनी से जगमगाएं” यह उनका संकल्प है।

पुरानी लाइटें हटेंगी, लगेंगी नई LED:-

प्रदेश की 312 नगरीय निकायों में बढ़ती आबादी और क्षेत्रीय विस्तार को देखते हुए, पुरानी और कमजोर स्ट्रीट लाइटों को हटाकर उनकी जगह ऊर्जा-कुशल LED लाइटें लगाई जाएंगी। पारंपरिक लाइटों की तुलना में LED कम बिजली खपत करती हैं, जिससे न केवल ऊर्जा की बचत होगी बल्कि सरकार पर वित्तीय बोझ भी घटेगा।

सुरक्षा और सुविधा में सुधार:-

सड़क प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से रात में दुर्घटनाएं कम होंगी और लोग सुरक्षित महसूस करेंगे। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित माहौल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्वायत्त शासन विभाग जल्द ही इस प्रोजेक्ट को लागू करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करे।

‘शहर चलो अभियान’ और हेल्पलाइन नंबर:-

योजना के साथ-साथ, स्वायत्त शासन विभाग 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “शहर चलो अभियान” चलाएगा। इसमें नई स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब पड़ी लाइटों को ठीक करने का काम होगा। साथ ही, नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए  हेल्पलाइन नंबर 181 जारी किया गया है, जहां लोग स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे।