राजस्थान: प्रदेश में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, शेखावाटी में 5.6 डिग्री पहुंचा पारा, भीषण सर्दी का अलर्ट
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान में अब सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शेखावाटी अंचल के मैदानी इलाकों में बीती रात तापमान में आई गिरावट से हाड़ कंपा देने वाली ठंड का असर महसूस हुआ। हालांकि सुबह आसमान साफ रहा और धूप खिली, लेकिन ठंड बढ़ने के कारण लोग देर तक घरों में दुबके रहे। फतेहपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तरी हवाओं से बढ़ी गलन:-
उत्तरी हवाओं के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से गिर रहा है। रात के समय गलनभरी ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने के कारण सर्दी के तेवर कुछ नर्म बने हुए हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी भागों में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले सप्ताह के अंत तक प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर चलने और मौसम के और सर्द होने की संभावना है।
शेखावाटी अंचल में धूजणी छुड़ाने लगी सर्दी:-
शेखावाटी में उत्तरी हवाओं के कारण रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों में बीते दो दिनों में पारे में करीब 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री था, जो 6 नवंबर को घटकर 7.5 डिग्री रह गया। लगातार गिरते तापमान ने अब क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी की शुरुआत कर दी है।

