सऊदी अरब में भीषण बस हादसा: मदीना मार्ग पर बस–टैंकर की टक्कर, 42 भारतीयों की मौत; सचिन पायलट ने जताया दुख

R.खबर ब्यूरो। सऊदी अरब में सोमवार तड़के हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में 42 भारतीय यात्रियों की जान चली गई। मक्का से मदीना जा रही उमरा यात्रियों से भरी बस एक डीजल टैंकर से जा टकराई, जिसके बाद वाहन में भीषण आग भड़क उठी। हादसा मुफ्रिहात इलाके के समीप बताया जा रहा है।

सचिन पायलट ने व्यक्त की संवेदना:-

हादसे की खबर सामने आते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा— सऊदी अरब के मदीना में हुए बस हादसे में कई भारतीय नागरिकों की मृत्यु एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

हादसे में अधिकतर भारतीय यात्री शामिल:-

जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 42 बताई जा रही है, जिनमें कई यात्री हैदराबाद (तेलंगाना) के बताए जा रहे हैं। मृतकों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे भी शामिल हैं। बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी जारी है।