Breaking News: शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, राज्यभर में 620 प्राचार्यों व समकक्ष अधिकारियों के तबादले, आदेश जारी
R.खबर ब्यूरो। बीकानेर, करीब दो महीने पहले शिक्षा विभाग द्वारा जारी जंबो तबादला सूची के बाद रविवार को एक बार फिर नई तबादला सूची जारी की गई। इस बार प्रदेश के 620 प्रिंसिपल और समकक्ष शिक्षा अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। साथ ही, पिछली सूची में किए जाने वाले कुछ संशोधन भी शामिल हैं। यह सूची निदेशक सीताराम जाट द्वारा जारी की गई है।
अर्धवार्षिक परीक्षा के बीच तबादले:-
प्रदेश में इन दिनों कक्षा 9 से 12 तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएँ चल रही हैं, और इसी दौरान यह नई सूची जारी होना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि विभागीय सूत्रों के अनुसार, सक्षम स्तर से अनुमति मिलने के बाद ही इन तबादलों को अंतिम रूप दिया गया।
लंबे समय से इंतजार कर रहे थे अधिकारी:-
दो महीने पहले जारी हुई सूची के बाद करीब 750 प्रिंसिपल नए पदस्थापन पर ज्वाइन नहीं कर पाए थे। इसलिए वे संशोधित सूची का इंतजार कर रहे थे। रविवार को जारी सूची में कई अधिकारियों को संशोधन के चलते राहत मिली है, जिन्हें दूरस्थ क्षेत्रों की बजाय नजदीकी स्थानों पर पदस्थ किया गया है। हालांकि, कई अधिकारियों की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं और अब उन्हें नए स्थान पर ज्वाइन करना होगा।
अब नई सूची की संभावना कम:-
पहले चर्चा थी कि तबादला सूची और बड़ी हो सकती है, लेकिन 620 अधिकारियों की सूची जारी होने के बाद अब नई तबादला सूची आने की संभावना कम मानी जा रही है। रविवार अवकाश होने के बावजूद निदेशालय और शिक्षक संगठनों में इस सूची को लेकर पूरे दिन चर्चाएं चलती रहीं।
इस सूची में कई ऐसे प्रिंसिपल और अधिकारी भी शामिल हैं, जो वर्षों से निदेशालय में कार्यरत थे। उन्हें भी अब निदेशालय से बाहर भेजा गया है, जिससे यह तबादला सूची और ज्यादा चर्चा में रही।

