नागौर-बीकानेर बायपास पर हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने उजाड़ दिया परिवार, पति-पत्नी और बेटे की मौत

कायड़, विश्रामस्थली के निकट नागौर-बीकानेर बायपास पर रविवार शाम गलत दिशा में आए ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपति और उनके ग्यारह वर्षीय पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक कायड़ के रहने वाले थे। तीनों रविवार शाम को खेत से घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। गेगल थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। जानकारी अनुसार रविवार शाम 7 बजे कायड़ विश्राम स्थली के पास सामने से गलत दिशा में आए ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार कायड़ निवासी रामलाल जाट (35), उसकी पत्नी कांतादेवी (30) व 11 वर्षीय पुत्र मयंक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही गेगल थाना एएसआई देवकरण मय जाप्ते मौके पर पहुंचे। ट्रेलर चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाए। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।