पंचायत चुनाव से पहले सीएम भजनलाल का बड़ा निर्णय, दिसंबर से हफ्ते में 3 दिन मंत्री करेंगे जनसुनवाई
R.खबर ब्यूरो। जयपुर, सत्ता और संगठन के बेहतर तालमेल को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर और बीकानेर संभाग के भाजपा मंडल से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन की नींव मंडल अध्यक्ष होते हैं, इसलिए उनकी भूमिका को और मजबूत करना आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि दिसंबर से हर सप्ताह प्रदेश भाजपा मुख्यालय में नियमित सुनवाई शुरू होगी।
मुख्यालय में हर हफ्ते दो मंत्री करेंगे सुनवाई:-
सीएम ने बताया कि सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दो मंत्री भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सुनेंगे। बैठक में उन्होंने एसआईआर कार्यक्रम की लगातार समीक्षा करने और निकाय व पंचायत चुनावों की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सुबह सीएम आवास पर अजमेर संभाग के पदाधिकारियों से और दोपहर बाद बीकानेर संभाग के नेताओं से संवाद हुआ।
सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने पर जोर:-
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने दो वर्षों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में कई गुना अधिक काम किया है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इन उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों में अधिक भागीदारी और सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने की भी अपील की। सीएम ने यह भी बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में दो साल में 28 करोड़ रुपये तक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
जिलावार समूह चर्चा और सुझाव फॉर्म:-
बैठक के दौरान जिलावार समूह बनाकर चर्चा की गई। साथ ही एक विशेष फॉर्म भरवाया गया, जिसमें संगठन और सत्ता से जुड़े सुझाव, प्राथमिकता वाले कार्य और विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी ली गई।
कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए एक लैंडलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर कोई भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। कुछ चुनिंदा कार्यकर्ताओं से स्वयं मुख्यमंत्री भी सीधे संवाद करेंगे।
कांग्रेस पर भाजपा का हमला:-
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने पंचायत चुनावों से पहले राजनीतिक लाभ के लिए वार्डों का असमान पुनर्गठन किया और जिलों का गठन भी जल्दबाजी में कर दिया।
इस संवाद कार्यक्रम में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, सांसद सी.पी. जोशी, घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

