Rajasthan: RPSC सदस्य संगीता आर्य ने दिया इस्तीफा, पेपर लीक मामले से जुड़ा रहा है नाम

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सदस्य संगीता आर्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक तय था, लेकिन हाल के दिनों में पेपर लीक प्रकरणों में चल रही जांचों के चलते उनका नाम चर्चा में रहा। संगीता आर्य के एक करीबी ने संगीता आर्य के इस्तीफे की पुष्टि की है।

EO भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक प्रकरण में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 नवंबर को उन्हें जयपुर मुख्यालय तलब किया था। उस समय संगीता आर्य ने इंटरव्यू संबंधी व्यस्तता बताकर 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा था। सूत्रों के अनुसार, इसी मामले में ACB पहले भी उनसे संपर्क कर चुकी है।

संगीता आर्य के घर की हो चुकी है तलाशी:-

पिछले वर्ष ACB की एक टीम ने उनके आवास पर भी तलाशी कार्रवाई की थी। हालांकि तलाशी किस केस के तहत हुई, इस पर ब्यूरो की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई। टीम ने लगभग दो घंटे तक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की थी।

इसके पहले मंजू शर्मा ने दिया था इस्तीफा:-

संगीता आर्य राजनीति से भी जुड़ी रही हैं और सोजत विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं, हालांकि जीत नहीं मिली। इससे पहले RPSC की सदस्य मंजू शर्मा ने भी सितंबर माह में अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसे बाद में राज्यपाल ने मंजूरी दे दी। लगातार दो सदस्यों के इस्तीफे के बाद आयोग की कार्यप्रणाली और आगामी भर्ती प्रक्रियाओं पर अब नई बहस छिड़ गई है।

You missed