केन्द्रीय विद्यालय खाजूवाला में मनाया गया वार्षिकोत्सव: बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
खाजूवाला, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल खाजूवाला में वार्षिकोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। “अतुल्य भारत’ की पृष्ठभूमि को दर्शाते हुए विभिन्न कार्यक्रम प्रदर्शित किए गए। सीमा सुरक्षा बल की 96वीं वाहिनी के उप-समादेष्टा उम्मेद सिंह राठौड़ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य ओमप्रकाश मान, अरुणा गुलगुलिया, उर्मिला, सुमन, सपना ने कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्राचार्य श्रवण कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें विद्यालय की अकादमिक, सह शैक्षणिक, खेल-कूद और स्काउट एंड गाइड की विभिन्न गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों के बारे में बताया और विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने भारत की विविधता को दिखाते हुए कई शानदार नृत्य पेश किए। गुजराती, पंजाबी, असमिया, दक्षिण भारतीय नृत्यों कि अद्भुत प्रस्तुति के साथ ही प्राथमिक विभाग के बच्चों द्वारा बेबी शार्क, लुंगी नृत्य, ब्राज़ील नृत्य और हरियाणवी नृत्यों ने सभी का मन मोह लिया। फनी नृत्य और लिलिपुट नृत्य ने सभी दर्शकों का खासा मनोरंजन भी किया। समूह गान ‘नौजवानों’ ने दर्शकों के दिलों में जगह बनाई और देशप्रेम का संदेश दिया| समय के साथ सांस्कृतिक और तकनिकी बदलावों को दिखाने वाला एक खास मूक अभिनय अपनी नवीनता और सन्देश से दर्शकों को हैरान कर गया। सभी कार्यक्रम बहुत ही रोचक थे। इन कार्यक्रमों ने ना केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया अपितु भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश भी दिया।

अकादमिक और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इन प्रतिभाओं का सम्मान अन्य सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरक के रूप में कार्य करेगा। लक्षिता, निकिता, मुस्कान अरोड़ा, महक अरोड़ा, पार्थवी और लिशा कुमारी के द्वारा कुशल मंच संचालन किया गया जिससे कार्यक्रम ओर भी प्रभावी एवं रोचक बन गया।
मुख्य अतिथि उम्मेद सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की तारीफ की और कहा की “ये कार्यक्रम कौशल और अनुशासन का अद्भुत समागम है जहाँ भारत की विविध छटा का प्रदर्शन किया गया है”। उन्होंने शैक्षणिक सफलता के साथ सांस्कृतिक जागरूकता एवं अन्य गतिविधियों में सहभागिता के महत्व पर ज़ोर दिया और बच्चों को ज़िंदगी के सभी क्षेत्रों में सफलता के लिए प्रयत्न करते रहने के लिए शुभकामनाएं दी।
वरिष्ठतम शिक्षक प्रदीप तेतरवाल ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा और कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य सभी कार्मिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक अमर सिंह, अंकित कुमार और मईनुदीन ख़ान ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल खाजूवाला का वार्षिकोत्सव विद्यालय की जीवंत भावना का एक सच्चा प्रतिबिंब था जहाँ परंपरा आधुनिकता से मिली और विद्यार्थी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के पथ प्रदर्शक के रूप में चमके एवं अतुल्य भारत की अनमोल धरोहर को प्रदर्शित किया।

