जयपुर, राज्यपाल एवं कुलाधिपति कलराज मिश्र ने कहा है कि स्वतन्त्रता दिवस पर झण्डारोहण के बाद विश्वविद्यालयों के परिसरों में वृक्षारोपण किया जाये। राज्यपाल ने कहा है कि इस कार्य में कोविड-19 के दौरान अपनाई जाने वाली सामाजिक दूरी व अन्य मेडिकल एडवाइजरी का पूर्णतः पालन किया जाये। मिश्र ने कहा है कि प्रत्येक व्यक्ति दो पौधे लगायेगा। इस कार्य में कुलपति, उनके सचिवालय के अधिकारी, स्थाई प्राध्यापकगण व कर्मचारियों को भाग लेना होगा।
स्वतन्त्रता दिवस पर सभी विश्वविद्यालयों के परिसरों में 88 हजार एक सौ 51 पौधे लगाये जायेंगे। कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के परिसरों के अनुसार कुलपतियों को पौधे लगाने की संख्या भी आवंटित की है। राजस्थान विश्वविद्यालय, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में 1500-1500 पौधे लगाये जायेंगे। इसी प्रकार जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में 11,900, कोटा विश्वविद्यालय में बीस हजार, गोविन्द गुरू जनजातिय विश्वविद्यालय में 14 हजार 450, पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में पांच हजार एक सौ और श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय में 12 हजार 500 पौधे लगाये जायेंगे। इसी प्रकार अन्य विश्वविद्यालयों में भी पौधारोपण किया जायेगा।

