ट्रक की टक्कर से ठेकेदार और उसकी पत्नी की मौत, इस जगह हुआ था हादसा
ट्रक की टक्कर से घायल हुए दंपती की मौत हो गई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई थी। मगर एक दिन बाद ही तबीयत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो दोनों को मध्यप्रदेश के ग्वालियर रेफर किया, रास्ते में दोनों ने ही दम तोड़ दिया। मामला धौलपुर जिले के बाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। टाउन चौकी प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा ने बताया- गुरुवार दोपहर 1 बजे सूचना मिली कि नेशनल हाईवे 11बी (धौलपुर-करौली) पर बॉबी ढाबे के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और घायल पति रामबरन गुर्जर (50) और उसकी पत्नी मंतोष (46) को घायल हालत में बाड़ी के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रामबरन के छोटे भाई जगदीश निवासी फागने का पुरा (बाड़ी) ने बताया-गुरुवार को बाड़ी में रहने वाला उनका बड़ा भाई रामबरन पत्नी के साथ गांव आ रहा था। इस दौरान रास्ते में उनका एक्सीडेंट हो गया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे और दोनों का इलाज कराने के बाद घर लेकर चले गए। शुक्रवार शाम 5 बजे भाई रामबरन और भाभी मंतोष की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उल्टी और घबराहट की शिकायत हुई। इस पर दोनों को धौलपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से गंभीर हालत में दोनों को मध्यप्रदेश के ग्वालियर रेफर कर दिया। मगर रास्ते में मध्यप्रदेश के बाबा देवपुरी के पास शाम 7 बजे दोनों ने दम तोड़ दिया।

