इस जगह शादी के 1 साल बाद टांके में मिला युवती का शव

घर के पास बने टांके में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत होने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के शव को टांके से बाहर निकाला गया। घटना बाड़मेर जिले के धनाऊ थाने के जालीला गांव की बुधवार रात की है। पुलिस ने शव को धनाऊ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर मर्डर कर टांके में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। विवाहिता की शादी एक साल पहले हुई थी। पुलिस के अनुसार धनाऊ जालीला गांव निवासी इंद्रा उर्फ अंतरी पत्नी मांगीलाल का शव टांके में होने की सूचना बुधवार शाम को करीब 6 बजे मिली। मौके पर पहुंचे। पीहर पक्ष को बुलाया गया। रात को पीहर पक्ष पहुंचने के बाद करीब 10 बजे बॉडी को बाहर निकालकर धनाऊ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।