शहर में यहां पहले युवक को घेरकर पीटा, फिर सड़क पर दौड़ाई गाड़ियां
जोधपुर में बदमाशों ने कार का पीछा करके उसे रुकवाया और फिर युवक को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद बदमाश तेज रफ्तार में सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाने लगे। इसी बीच 2 कैम्पर गाजर से भरे एक टेंपो ट्रक से जा टकराईं। हादसे में 5 बदमाश लहूलुहान हो गए।स्थानीय लोगों ने दहशत में पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बदमाशों को माथुर दास अस्पताल पहुंचाया। यह वारदात ओसियां थाना क्षेत्र में रविवार रात 10 बजे हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। थाना अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया- रविवार रात करीब 10 बजे पीड़ित रावल सिंह जोधपुर जाने के लिए रवाना हुआ था। तभी चाडी चौराहे के पास दुर्गसिंह और उसके साथियों ने उसे देख लिया। उन्होंने अपनी 2 कैम्पर गाड़ियों से उसका पीछा किया और बिगमी के पास उसे रुकवाकर पीटा, जिससे रावल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाते हुए आतंक मचाया। कुछ बदमाशों ने सड़क पर हथियार भी लहराए। थोब बारा फांटा के पास बदमाशों की गाड़ी गाजर से भरे ट्रक से टकरा गई, जिससे हादसे में 5 बदमाश चोटिल हो गए।

