Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, ट्रक से टकराई बस, 2 लोगों की मौत, 31 घायल

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के अलवर जिले में मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पिनान इंटरचेंज पुलिया के पास अहमदाबाद से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। तेज टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक में धंस गया और आगे का भाग चकनाचूर हो गया।

चीख-पुकार से दहला माहौल:-

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल यात्री खून से लथपथ हालत में बस में फंसे थे। ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्री भयभीत अवस्था में रोने-चिल्लाने लगे।

गंभीर घायलों को अलवर-जयपुर रेफर:-

हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोशन पुत्र रामेश्वर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुल 31 घायलों को पिनान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अलवर और जयपुर रेफर कर दिया गया।

एक्सप्रेस-वे पर लगा जाम:-

घटनास्थल पर एंबुलेंस कम होने के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया।