Accident News: रोडवेज बस बनी काल, पति-पत्नी को कुचला, दोनों की दर्दनाक मौत

R.खबर ब्यूरो। जोधपुर जिले के धवा गांव में शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जोधपुर से बाड़मेर की ओर जा रही एक रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिसमें पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल पति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सड़क क्रॉस करते समय हुआ हादसा:-

पुलिस के अनुसार, दंपती मोटरसाइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान जोधपुर से बाड़मेर की तरफ जा रही रोडवेज बस ने दोनों को कुचल दिया। टक्कर के बाद पति-पत्नी उछलकर गिर गए। हादसे में गेहलावास निवासी सुखादेवी (58) पत्नी गुमानाराम मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में घायल पति को एमडीएम अस्पताल, जोधपुर रेफर किया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई।

गुस्से में ग्रामीण, नेशनल हाईवे पर जाम:-

दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए धवा–सिनली फाटा स्थित जोधपुर–बाड़मेर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और एनएचएआई अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान टायर जलाए गए। झंवर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।

पहले हुआ कार हादसा:-    

उसी दिन सुबह बिलाड़ा क्षेत्र के खारिया मीठापुर बाइपास पर भी एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई थी। सड़क पर अचानक पशु के आने से कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन कई बार पलट गया। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस के अनुसार, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।