











Accident News: ओवरटेक के दौरान बस अनियंत्रित होकर पलटी, 24 लोग घायल, छठ पर्व पर घर लौट रहे थे यात्री
R.खबर ब्यूरो। दीपावली के बाद छठ पर घर लौट रहे यात्रियों के लिए गुरुवार सुबह भयावह साबित हुई। जयपुर से बिहार के मधुबनी जिले जा रही एक लग्जरी बस उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस दुर्घटना में 24 यात्री घायल हो गए, जबकि बस में कुल 80 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब छह बजे बहादुरपुर पुलिस चौकी के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बस बुधवार रात जयपुर से रवाना हुई थी। यात्रियों में ज्यादातर बिहार के मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर जिलों के निवासी थे, जो छठ महापर्व मनाने अपने घर जा रहे थे।
बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही तरयासुजान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों को सूचित किया जा रहा है। बस को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई, जिससे लगभग दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
यात्रियों ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

