AGTF की बड़ी कार्रवाई: मार्बल मूर्तियों में छिपाकर अमेरिका भेजता था ड्रग्स, तीन साल से फरार इनामी तस्कर गिरफ्तार
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दिल्ली पुलिस के 20 हजार रुपये के इनामी ड्रग तस्कर अजय सिंह शेखावत को जयपुर के विद्याधर नगर इलाके से गिरफ्तार किया है।
एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि सीकर जिले के खंडेला क्षेत्र के लाडपुर निवासी अजय सिंह शेखावत पिछले तीन साल से फरार चल रहा था। वह दिल्ली पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए जयपुर में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है।
2022 में एनसीबी की कार्रवाई से जुड़ा मामला:-
एडीजी ने बताया कि यह गिरफ्तारी 13 जुलाई 2022 को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), दिल्ली जोनल यूनिट की एक बड़ी कार्रवाई से जुड़ी है। उस समय एनसीबी ने एक कूरियर कंपनी से भेजे जा रहे संदिग्ध पार्सल की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान एक खोखले ग्रेनाइट मार्बल लैंप के अंदर से रंगीन धागों में लिपटी हुई अल्प्राजोलम टैबलेट्स की स्ट्रिप्स बरामद हुई थीं।
पुलिस ने कुल 13,770 टैबलेट्स बरामद की थीं, जिनका वजन 1 किलो 515 ग्राम था। यह खेप सीकर निवासी राहुल कुमावत की ओर से अमेरिका के दीपक पटेल को भेजी जा रही थी।
मार्बल की मूर्तियों में छिपाकर भेजते थे ड्रग्स:-
एडीजी दिनेश एम.एन. के अनुसार, अजय सिंह शेखावत और उसके साथी ड्रग तस्करी का अनोखा तरीका अपनाते थे। यह गिरोह सीकर के पलसाना क्षेत्र में मार्बल की मूर्तियों के अंदर मादक पदार्थ छिपाता था। इसके बाद इन मूर्तियों को कूरियर के जरिए दिल्ली भेजा जाता था, जहां से इन्हें अमेरिका सहित अन्य देशों में सप्लाई किया जाता था।
एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में एसआई बनवारी लाल और प्रताप सिंह की टीम ने अजय शेखावत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

