बीकानेर: गोल्ड लोन में बड़ा फर्जीवाड़ा, कम सोना दिखाकर बैंक को लगाई चपत
बीकानेर। दाऊजी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में गोल्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। बैंक प्रबंधक मनप्रीत सिंह ने कोतवाली थाने में दो व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए लाखों रुपए की हानि का आरोप लगाया है। मामला 31 दिसंबर 2024 का बताया जा रहा है। प्रबंधक के अनुसार, श्रीकांत चांवरिया और संजय सोनी बैंक में गोल्ड लोन लेने पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने एक स्वर्णकार से मिलीभगत कर सोने के वास्तविक वजन से अधिक मात्रा दर्शाई। बढ़े हुए वजन के आधार पर इन्होंने बैंक से लोन स्वीकृत करवाया, जिससे संस्थान को आर्थिक नुकसान हुआ। फर्जीवाड़ा सामने आने पर बैंक ने तुरंत मामले को पुलिस में रिपोर्ट किया। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

