बड़ी खबर: जेल में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल का वॉच टावर पर मिला संदिग्ध हालात में शव, सीने में गोली का निशान

R.खबर ब्यूरो। भीलवाडा, जिला कारागार परिसर में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब जेल में तैनात एक कांस्टेबल का शव वॉच टावर पर संदिग्ध हालात में मिला। मृतक कांस्टेबल के सीने में गोली का निशान था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की।

गोली लगने से हुई कांस्टेबल की मौत:-

पुलिस के अनुसार, जिला कारागार में आरएसी का कांस्टेबल रामकिशोर मीणा तैनात था। शनिवार रात उसकी ड्यूटी जेल परिसर में ओवरब्रिज के पास बने वॉच टावर पर थी। रात में ड्यूटी बदलने पहुंचे दूसरे प्रहरी ने देखा कि रामकिशोर खून से लथपथ पड़ा है। उसके सीने में गोली लगी थी और पास में हथियार भी मिला।

पुलिस और एफएसएल टीम ने किया मौका मुआयना:-

घटना की जानकारी मिलते ही जेलकर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोतवाली पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी — एसपी धर्मेंद्र यादव, एएसपी पारस जैन और डीएसपी मनीष बडगुजर — ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टावर पर खून के निशान मिले और दो राउंड फायर होने की पुष्टि हुई।

मामला संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी:-

पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना दोनों पर विचार किया जा रहा है। मृतक रामकिशोर हरमाड़ा का रहने वाला था। परिजनों को सूचना देकर उन्हें भीलवाड़ा बुलाया गया है। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।