राजस्थान के सरकारी स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ मामले में बड़ा खुलासा, छात्राओं ने प्रिंसिपल पर लगाए कमरे में बुलाने और रात में मैसेज भेजने के आरोप
R.खबर ब्यूरो। सवाईमाधोपुर/खण्डार, राजकीय स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। मामले की जांच कर रही तीन सदस्यीय कमेटी के सामने छात्राओं ने अब कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ भी गंभीर आरोप दर्ज कराए हैं। छात्राओं का कहना है कि प्रधानाचार्य उन्हें कमरे में अकेले बुलाता था, सोशल मीडिया आईडी मांगता था और रात में व्हाट्सऐप संदेश भेजकर दबाव बनाता था। शिकायतों की पुष्टि होने पर ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य मुकेश कौशल को एपीओ कर दिया और उनका मुख्यालय सीडीईओ कार्यालय तय किया गया है।
पहले भी शिक्षक पर लगा था आरोप:-
13 नवंबर को कक्षा 7 की छात्राओं ने शिक्षक अब्दुल मारूफ के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी कि वह कॉपी में नम्बर बढ़ाने के बहाने कमरे में बुलाकर छेड़छाड़ करता है। सूचना मिलने पर परिजन विद्यालय पहुंचे और शिक्षक से मारपीट की। बाद में पुलिस ने मामला शांत कराया। अब छात्राओं ने जांच टीम को प्रधानाचार्य के खिलाफ भी बयान दिए हैं।
जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई:-
तीन सदस्यीय कमेटी ने अपनी रिपोर्ट जिला कलक्टर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), समग्र शिक्षा के एडीपीसी और खण्डार के सीबीईईओ को सौंप दी है। रिपोर्ट से जुड़े बंद लिफाफे अभी तक नहीं खोले गए हैं, जिससे अधिकारियों की संवेदनहीनता और लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
सीबीईईओ रामनाथी मीणा ने बताया कि वह दोनों दिन मुख्यालय पर मौजूद नहीं थीं, इसलिए पूरा विवरण एसीबीईईओ के पास है। वहीं एसीबीईईओ सुनील सिंहल ने कहा कि लिफाफा लिपिक नूतन के पास है, जिसे अभी तक उन्हें सौंपा नहीं गया।
छात्राओं ने लिखित में बताए गंभीर आरोप:-
जांच टीम—प्राचार्य विभा मीणा, प्राचार्य मुकेश गुप्ता और दीपक गुप्ता—ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि कई कक्षाओं की छात्राओं ने प्रधानाचार्य द्वारा महीनों से कमरे में बुलाकर छेड़छाड़ करने, सोशल मीडिया आईडी मांगने और व्हाट्सऐप पर बात करने का दबाव बनाने जैसी शिकायतें लिखित रूप में दी हैं।
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि प्रधानाचार्य और शिक्षक, दोनों के खिलाफ अलग-अलग फाइल तैयार कर जिला कलक्टर और सीडीईओ के माध्यम से शिक्षा निदेशालय बीकानेर भेज दी गई हैं। आगे की कार्रवाई निदेशक स्तर पर की जाएगी।
अधिकारियों का पक्ष:-
एडीपीसी दिनेश गुप्ता ने बताया कि विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने जांच कमेटी के समक्ष प्रधानाचार्य पर छेड़छाड़ और सोशल मीडिया आईडी मांगने की शिकायत की है। दोनों आरोपियों को एपीओ कर सीडीईओ कार्यालय में लगाया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शिक्षा निदेशक बीकानेर को भेज दी गई है।

