बीकानेर: रसोई की लाइट जलाते ही हुआ धमाका, महिला बुरी तरह झुलसी; इलाज के दौरान मौत, गैस कंपनी पर लापरवाही का आरोप
R.खबर ब्यूरो। बीकानेर, सदर थाना क्षेत्र में एक घर की रसोई में गैस लीकेज से हुआ विस्फोट मौत का कारण बन गया। घटना 25 अक्टूबर की सुबह की है, जब राणीसर बास निवासी पुष्पादेवी (मृतका) ने रोज की तरह रसोई की लाइट जलाई। लाइट जलते ही रसोई में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और वह बुरी तरह झुलस गईं। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां 11 दिन तक उपचार के बाद 5 नवंबर को उनकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे धनराज भाटी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कुछ दिन पहले ही नया गैस सिलेंडर लिया गया था, जिसमें लीकेज की समस्या आ रही थी। जब इस बारे में गैस सर्विस एजेंसी से शिकायत की गई तो उन्होंने इसे सामान्य बात बताते हुए गंभीरता नहीं दिखाई।
परिजनों का आरोप है कि गैस एजेंसी की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ, जिसमें उनकी मां की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

