बीकानेर: छलका दर्द… मंत्री बोले सड़कों की हालत ऐसी है कि दूल्हे को कपड़े बदलने पड़ रहे

बीकानेर। शहर की बदहाली और सड़कों के सबसे बुरे हालात पर आखिर शुक्रवार को केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और विधायक सिद्धि कुमारी का दर्द छलक पड़ा। जिला कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में मंत्री-विधायक भी कुछ ऐसी ही पीड़ा व्यक्त करते नजर आए। प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि शादियों का सीजन है, इन दिनों शहर में कई शादियों में जाना हुआ। एक शादी समारोह में दूल्हा घोड़ी से उतर कर उनके पास आया और सड़क के हालात दिखाते हुए कहा गर्द से हालत ऐसी हो गई कि कपड़े बदल कर दुबारा दूल्हा बनना पड़ेगा। बात चल पड़ी तो विधायक सिद्धि कुमारी ने साफगोई से कहा कि अधिकारी कह रहे है कि पूर्व क्षेत्र में 15 करोड़ की सड़कें बन रही है। यह सड़कें कहां बन रही है, यह तो बताओ। वास्तव में जहां जरूरत है? वहां तो सड़कें ठीक नहीं हुई। इस बैठक की तरह ही शाम को केबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने कलक्ट्रेट के इसी सभागार में पत्रकार वार्ता की। जब शहर की सड़कों का सवाल उठा और उनके पुराने वादों की याद दिलाई गई तो उन्होंने भी स्वीकार किया अक्टूबर तक सभी सड़कों को नहीं बनवा पाए। हालांकि सरकार की मंशा में कोई फर्क नहीं है, बजट मिला हुआ है। परन्तु टेंडर आदि प्रक्रिया में लम्बा समय लग जाता है। अब अप्रेल तक सभी सड़कें बनवा दी जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भी 15-15 करोड़ रुपए सड़कों के लिए मिले हुए हैं। निगम और बीडीए के पास भी बजट है।