Bikaner: शहर के इस कैफे पर पुलिस ने मारी रेड, केबिनों में बैठे थे लडक़े लड़कियों के जोड़े
R.खबर ब्यूरो। बीकानेर शहर में लंबे समय से कैफों में संदिग्ध और नियम-विरुद्ध गतिविधियों की शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थीं। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित चार्ली कैफे पर बुधवार को अचानक रेड मारी। कार्रवाई सीओ सिटी अनुज ढाल के नेतृत्व में की गई।
सूचना के आधार पर की गई इस रेड के दौरान पुलिस को कैफे में बने प्राइवेट केबिनों में बेड लगे मिले, जिसके बाद मौके पर मौजूद स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू की गई। पुलिस ने कुल 7 लोगों को राउंडअप कर उनके बयान लिए हैं। वहीं, कैफे में मौजूद लड़कियों से भी गोपनीय रूप से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर संदिग्ध केबिनों को तुरंत हटवा दिया और कैफे संचालक को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।
कार्रवाई के बाद सीओ सिटी अनुज ढाल ने स्पष्ट कहा कि शहर में किसी भी तरह की गैरकानूनी या संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे कैफों पर निगरानी और कड़ी की जाएगी तथा नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

