झाड़ियों में मिला लहूलुहान नवजात, राहगीर ने बचाई जान – अस्पताल में हालत नाजुक
R.खबर ब्यूरो। भरतपुर, जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किसी ने एक नवजात बालक को जन्म के कुछ ही घंटे बाद झाड़ियों में फेंक दिया। बच्चा गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
बताया जा रहा है कि पास से गुजर रहे भीम सिंह को झाड़ियों की ओर से हल्की रोने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो नवजात खून से लथपथ पड़ा था और उसके हाथ-पैरों पर गहरे घाव थे। उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को जनाना अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों की टीम कर रही इलाज:-
जनाना अस्पताल के शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. हिमांशु गोयल ने बताया कि नवजात की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके शरीर पर कई गहरे घाव हैं और अधिक खून बह जाने से उसकी स्थिति गंभीर है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और उसे बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बाल कल्याण समिति ने संभाली जिम्मेदारी:-
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राजाराम भूतौली ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। सूचना मिलते ही समिति की टीम अस्पताल पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चा जन्म के कुछ ही घंटे बाद फेंका गया था। जंगली जानवरों के हमले में वह घायल हो गया। फिलहाल समिति की ओर से नवजात की सुरक्षा और देखभाल के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

