











खाजूवाला, केंद्रीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष मोहन सिंह आहलूवालिया गुरुवार को खाजूवाला के दौरे पर रहे। यहां श्रीगुरु जम्भेश्वर मंदिर में उनका साफा पहनाकर समाज की ओर से स्वागत सम्मान किया गया। यहां समाज के वरिष्ठ रामधन बिश्नोई ने अध्यक्ष आहलूवालिया को खाजूवाला क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति व पर्यावरण आदि के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर उनके साथ आए टीम के सदस्यों ने जीवों के अत्याचार पर बने कानूनों की जानकारी दी। वहीं पर्यावरण संरक्षण के बारे में बताया।
समाज प्रधान प्रशांत सिहाग ने बताया कि केंद्रीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष मोहन सिंह आहलूवालिया गुरुवार को खाजूवाला पहुंचे। उन्होंने यहां पहुंचकर लोगों से संवाद किया। अध्यक्ष आहलूवालिया ने इस मौके पर कहा कि आज हमारे देश में जीवों पर अत्याचार हो रहे है। जो पिछले कुछ सालों से जागरूकता के चलते कम भी हुए है। बिश्नोई समाज ने आज से सैकड़ों साल पूर्व पर्यावरण के लिए अपने प्राणों की आहुतियां दे दी थी वहीं आज हम लोगों को इस पर्यावरण को बचाने के लिए उन महापुरूषों के आदर्शों पर चलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की बात कही। वहीं जीवों पर अत्याचार न हो इसके लिए आगे आकर कार्य करने पर बल दिया। इस मौके पर बिश्नोई समाज के दर्जनों प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे।

 
 