कुलाधिपति का कुलपतियों से संवाद

विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क विकसित होंगे, सभी विश्वविद्यालयों को एक सूत्र में बांधा जायेगा

जयपुर, राज्यपाल एवं कुलाधिपति कलराज मिश्र ने शुक्रवार को कुलपति से संवाद किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य में उच्च शिक्षा की स्थइति पर समीक्षा की। मिश्र ने कहा कि युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी राज्य वित्त पोषित विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क का निर्माण किया जायेगा। मिश्र ने कहा कि विश्वविद्यालयों के परिसरों में निर्मित इन संविधान पार्को में संविधान की प्रस्तावना और संविधान की धारा 51 (क) में उल्लेखित मूल कत्र्तव्यों को प्रदर्शित किया जायेगा। मिश्र ने कहा कि भारत के संविधान पर विश्वविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता करायी जाए, ताकि युवाओं को संविधान की जानकारी हो सके।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री मिश्र ने कहा कि राजभवन राज्य का प्रतीक होता है। राजभवन राज्यपाल के साथ कुलाधिपति का भी भवन है। इसलिए राजभवन में एक विश्वविद्यालय पार्क बनाया जायेगा। इस पार्क में राज्य के प्रत्येक विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित स्मार्ट मॉडल का प्रदर्शन होगा। राज्यपाल ने सभी कुलपतियों को मॉडल के लिए विषय तय करने और उस पर कार्य करने की सीमा 100 दिवस निश्चित की है। राज्यपाल का मानना है कि राजभवन में विश्वविद्यालय पार्क विकसित होने के बाद राजभवन को लोगों को देखने के लिए भी खोला जायेगा। संवाद में राज्यपाल के सचिव सुबीर कुमार और प्रमुख विशेषाधिकारी गोविन्द राम जायसवाल सहित प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण मौजूद थे।