कंटेनर ने बाइक सवार 2 भाइयों को कुचला, 200 मीटर घसीटता रहा, शव के चीथड़े उड़े
दौसा में तेज स्पीड़ कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनाक्रम बुधवार दोपहर जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे 21 पर सदर थाना क्षेत्र में भाण्डारेज मोड़ पर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं घायल युवक का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाण्डारेज मोड़ पर तेज स्पीड कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसके बाद बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर गए। इसके बावजूद कंटेनर ड्राइवर नहीं रुका और करीब 200 मीटर तक दोनों युवकों को कुचलते हुए घसीट ले गया। इससे एक युवक का शव बुरी तरह क्षत विक्षत होने से मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर बाइक सवार का हेलमेट-चश्मा के साथ खून बिखरा हुआ था। साथ ही कंटेनर के पहिए के नीचे बाइक सवार को घसीटने के निशान भी बने हुए थे। भीषण घटनाक्रम को देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। मौके पर बडी तादाद में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। थाना इंचार्ज हनुमान सहाय ने बताया- हादसे का शिकार हुए बाइक सवार दोनों युवक सगे भाई हैं और सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी के रहने वाले हैं। मृतक की पहचान सुनील जाटव के रूप में हुई है। गंभीर घायल उसके छोटे भाई का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कंटेनर को जब्त कर लिया गया है।

