Crime News: रिश्तेदार ने किशोरी से किया बलात्कार, रात को घर में घुसा और छत पर ले गया, चिल्लाने पर खुली नींद

R.खबर ब्यूरो। राजधानी जयपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है। जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ उसके 23 वर्षीय रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात आरोपी युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर छत पर ले गया, जहां उसने जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता की चीखें सुनकर परिवारजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई भी की, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पीड़िता का परिवार मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और मजदूरी के सिलसिले में जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में किराए के मकान में रह रहा है। घटना के समय किशोरी अपनी मां और दो बहनों के साथ कमरे में सो रही थी। आरोपी रिश्तेदार चुपके से कमरे में घुसा और किसी बहाने से किशोरी को छत पर ले गया।

पीड़िता के पिता ने गुरुवार सुबह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही, घटना के दौरान आरोपी की मदद करने वाले एक अन्य युवक को भी नामजद किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग रिश्तेदारों पर भी भरोसा करने से कतराने लगे हैं, वहीं महिलाएं और बच्चियां अब घरों में भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।