Crime News: इंस्टाग्राम पर जॉब ऑफर के बहाने युवक को बुलाया, मारपीट कर बनाई नग्न वीडियो; मामला दर्ज
R.खबर ब्यूरो। सीकर, सोशल मीडिया पर नौकरी का झांसा देकर एक युवक को निर्माणाधीन बिल्डिंग में बुलाकर उसके साथ मारपीट, लूट और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को नग्न कर उसका वीडियो बनाया और धमकी दी कि पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर देंगे।
उद्योग नगर थाना पुलिस के अनुसार, झुंझुनूं निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सीकर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। 3 नवंबर को उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक लिंक आया, जिसमें अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का दावा किया गया था। जब युवक ने उस लिंक पर क्लिक किया तो चैट करने वाले ने उसे जॉब ऑफर देते हुए 4 नवंबर को पिपराली रोड स्थित एक “ऑफिस” पर बुलाया।
निर्माणाधीन बिल्डिंग में दीवारों के बीच रचा गया जाल:-
पीड़ित के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे वह बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां एक युवक उसे पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग में ले गया। थोड़ी देर बाद वहां दो अन्य युवक पहुंचे और अचानक लोहे की सरियों व लकड़ी से पीड़ित पर हमला कर दिया। उन्होंने पीड़ित को कपड़े उतरवाने पर मजबूर किया और उसका वीडियो व फोटो रिकॉर्ड कर लिए।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के फोन से जबरन 15 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए, उसकी जेब से 3500 रुपए और सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया और इंस्टाग्राम लिंक व संबंधित ऐप डिलीट कर दिए।
धमकी देकर फरार हुए आरोपी:-
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। बाद में युवक ने हिम्मत जुटाकर उद्योग नगर थाने में मामला दर्ज करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

