Cyber Crime: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग से 37 लाख की ठगी, ठगों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर रचा जाल

R.खबर ब्यूरो। जयपुर, राजधानी के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। ठगों ने डिजिटल अरेस्ट और मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर एक वरिष्ठ नागरिक से 37 लाख से अधिक रुपये की ठगी कर ली।

पुलिस के अनुसार, बजरी मंडी रोड निवासी 74 वर्षीय हरीपाल सिंह को 9 अक्टूबर से 1 नवंबर 2025 के बीच कई अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल आए। कॉल करने वालों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर कहा कि उनके आधार कार्ड से फर्जी सिम कार्ड जारी करवाए गए हैं, जिनके जरिए ₹2 करोड़ का ट्रांजैक्शन हुआ है।

ठगों ने पीड़ित को झांसे में लेने के लिए डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी और कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज हो चुका है, जल्द ही उन्हें और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया जाएगा। डर के माहौल में आकर हरीपाल सिंह ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया।

इस दौरान आरोपियों ने लगातार फोन कर भय और दबाव बनाकर कुल ₹37,52,500 की ठगी कर ली। जब हरीपाल सिंह को शक हुआ, तो उन्होंने करणी विहार थाने में मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की लोकेशन और बैंक खातों की ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला साइबर गैंग द्वारा रची गई बड़ी ठगी का प्रतीत होता है। आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।