Cyber Crime: राजस्थान में ठगी का नया तरीका, किसान सम्मान निधि का लिंक आया और खाते से उड़ गए एक लाख रुपए
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान सरकार और पुलिस की ओर से चलाए जा रहे लगातार जागरूकता अभियानों के बावजूद साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। ताज़ा मामला रीछवा कस्बे के पंकज कुमार कहार का है, जो ऑनलाइन ठगी का शिकार बन गए। ठग उनके बैंक खाते से 1 लाख 5 हजार रुपए निकाल ले गए।
पंकज के मुताबिक 10 नवंबर को जब वे गुजरात में कैंपसिंग का काम कर रहे थे, तभी दोपहर करीब 1 बजे उनके मोबाइल पर पीएम किसान सम्मान निधि के नाम से एक संदिग्ध लिंक आया। उन्होंने लिंक पर क्लिक नहीं किया, फिर भी कुछ मिनटों बाद बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा झालरापाटन के उनके खाते से 5 हजार रुपए कट गए।
लगातार ट्रांजेक्शन के बाद अकाउंट फ्रीज करवाया:-
पहले पंकज को लगा कि शायद किसी पुरानी पेमेंट का हिसाब होगा, लेकिन 11 नवंबर फिर से करीब 1 बजे खाते से लगातार 6 बार में 10-10 हजार और 2 बार में 20-20 हजार रुपए निकाल लिए गए। लगातार ट्रांजेक्शन देख पंकज ने तत्काल बैंक में संपर्क कर अपना अकाउंट फ्रीज करवाया और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की।
साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज:-
इसके बाद वे गुजरात से गांव लौटे और झालावाड़ साइबर क्राइम थाने में भी रिपोर्ट दर्ज करवाई। लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी उनकी राशि वापस नहीं आई है। पंकज का कहना है कि लगातार तनाव में पूरा परिवार परेशान है। उन्होंने साइबर पुलिस से मांग की है कि फर्जी लिंक के जरिए कटे 1.05 लाख रुपए जल्द वापस दिलाए जाएं।

