इंदिरा गांधी नहर में मिला 13 साल की बच्ची का शव

छतरगढ़, इंदिरा गांधी नहर परियोजना में गिरी 13 वर्षीय मासूम बालिका का एसटीआरएफ की टीम के द्वारा लगातार सर्च करने पर नहर में RD 573 के पास देर रात्रि शव मिला। हादसे के करीब 50 घंटे बाद नहर से बालिका का शव मिला। नहर से शव निकालकर छतरगढ़ पुलिस ने अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय गायत्री अपने ननिहाल आई हुई थी और नहर के किनारे बच्चों के साथ खेलते खेलते नहर में गिर गई। जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। लेकिन सफलता नहीं मिली तो कल दोपहर से SDRF की टीम की मदद से लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। ऐसे में सर्च ऑपरेशन के दौरान इंदिरा गांधी नहर परियोजना की RD 573 के पास देर रात्रि को शव मिला। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

गौरतलब है कि इन दिनों इंदिरा गांधी नहर परियोजना काल का ग्रास बनती जा रही है। करीब 5 दिन पहले भी एक युवक इसी नहर में गिरने से मौत हो गई थी। जिसके बाद यह लगातार दूसरी घटना सामने आई है। ऐसे में लगातार इस प्रकार की हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस व आमजन भी चिंतित है।