Exam Guidelines: प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर, ठंड से बचने के लिए मिली जूते पहनने की अनुमति
R.खबर ब्यूरो। जयपुर, सर्दी के मौसम में प्रदेश के लाखों परीक्षार्थियों के लिए राहतभरी खबर आई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने आगामी परीक्षाओं में उम्मीदवारों को ठंड से बचाव के लिए जूते और मोजे पहनने की अनुमति दे दी है।
बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि अब अभ्यर्थी सर्दी के मौसम में बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्रों पर जूते पहनकर पहुंच सकेंगे।
अब तक सुरक्षा कारणों से उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों में जूते पहनने की अनुमति नहीं थी, और उन्हें केवल चप्पल या स्लीपर में ही प्रवेश मिलता था। ठंड के मौसम में यह नियम परीक्षार्थियों के लिए काफी असुविधाजनक साबित हो रहा था।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस बार ठंड से राहत देने वाला यह निर्णय लिया है। हालांकि, बोर्ड ने साफ किया है कि सुरक्षा जांच प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी रहेगी और जूतों की पूरी तरह जांच की जाएगी।
इस फैसले से सर्दी के मौसम में लाखों परीक्षार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब वे ठंड की चिंता छोड़कर परीक्षा पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

