rkhabar
rkhabar
rkhabar

rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar

बीकानेर, पांचू में मंगलवार दोपहर एक कच्चे मकान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि मकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। खेत मालिक ने इसी घर में एक संदूक में दस लाख रुपए नकद रखे थे। इसमें सात लाख रुपए के नोट पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि तीन लाख रुपए के नोट अधजले रह गए। कमरे में सोने के जेवरात और फसल भी पड़ी थी। सब जलकर राख हो गया।

पांचू के कक्कू गांव में रहने वाले भंवरलाल पुत्र हुक्माराम मेघवाल ने पुलिस को बताया कि उसके खेत में एक कमरा बना हुआ है। इस कमरे में मंगलवार दोपहर आग लग गई। जैसे-तैसे ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू तो पा लिया। लेकिन इससे लाखों का नुकसान हुआ है। एक संदूक में पांच-पांच सौ के नोट रखे थे, जिसकी कुल कीमत पीड़ित भंवरलाल ने दस लाख रुपए बताई है। इनमें सात लाख रुपए पूरी तरह जल गए जबकि तीन लाख रुपए अधजले पड़े मिले हैं। इन रुपयों का बाजार में चल पाना अब मुश्किल है। मकान में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इसी तरह सोने व चांदी के गहने भी जल गए। जिसमें 130 ग्राम सोना, 350 ग्राम की चांदी की पायल शामिल है। इनकी कीमत करीब सात लाख रुपए है।

पीड़ित के अनुसार कमरे में रखा पांच क्विंटल जीरा, छह क्विंटल तिल, आठ क्विंटल ग्वार, दस क्विंटल मोठ और दो क्विंटल मूंग भी जल गई। इन सब की कीमत दो लाख रुपए से अधिक थी। करीब एक लाख रुपए का अन्य सामान भी जला है। इसके अलावा कमरे के आसपास बने तीन कच्चे कमरे भी जलकर राख हो गए।

आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दरअसल, दोपहर में अचानक ही इस कमरे से आग की लपटें देखी गई थी। इसके बाद आसपास के लोग पानी लेकर भागे भी लेकिन आग इतनी बढ़ चुकी थी कि पानी की सामान्य बोछारों से कोई फर्क नहीं पड़ा। आसपास के लोगों ने पानी के टैंकरों से आग पर काबू पाया।

ईंटें रखकर बनाया था
इस कमरे की चिनाई नहीं हुई थी, बल्कि ईंटों को एक साथ रखकर चारों तरफ से पैक किया हुआ था। ऊपर छत के रूप में लकड़ी और खींप ही थी। जिससे आग ज्यादा तेजी से लगी। पीड़ित किसान परिवार ने पांचू थाना पुलिस को आग से हुए नुकसान को लेकर लिखित शिकायत दी है। अधिकारिक रुप से नुकसान का आकलन नहीं हुआ है।