सुबह नींद में थे मरीज, तभी इस बड़े सरकारी अस्पताल में लगी आग, मची अफरा-तफरी
झालावाड़ में जिला अस्पताल में आज सुबह आग लग गई। आग फैब्रिक वार्ड में लगी। जिसके बाद अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। जिस समय आग लगी, उस समय मरीज नींद में थे। लेकिन जैसे ही मरीजों व तीमारदारों को मालूम चला कि अस्पताल में आग लग गई है। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। आग को देखकर मरीज दहशत में आ गए। परिजन अपने मरीजों को बचाने के दौड़ते नजर आए। परिजन मरीजों के लिए मेडिकल स्टॉफ से फरियाद करने लगे। इधर आग लगने के बाद अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन संजय पोरवाल व कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं दमकलें व पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग धीरे धीरे बढ़ने लगी। जिसके कारण मरीजों के लिए खतरा बढ़ने लगा। आग की लपटों और धुएं से पूरा वार्ड घिर गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सभी मरीजों और उनके परिजनों को दूसरी जगह शिफ्ट किया। मेडिकल कॉलेज के डीन संजय पोरवाल ने बताया कि फैब्रिक वार्ड में करीब 50 गंभीर रोगियों का इलाज चल रहा था। जिनमें कार्डियो मेडिसिन, यूरिन संबंधित बीमारियों से ग्रसित मरीज शामिल थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है। लेकिन इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि आज तड़के वार्ड के एससी पैनल से अचानक धुआं उठने लगा। इसके बाद वार्ड में आग लग गई। पूरे वार्ड में धुएं का गुब्बार छा गया। तब वार्ड में भर्ती मरीज तथा परिजन सोए हुए थे। फिलहाल सभी मरीजों को अन्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया तथा फैब्रिक वार्ड में भर्ती सभी मरीज व परिजन सुरक्षित हैं। वहीं आग लगने के बाद दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत की। जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।