











खुशखबरी: राजस्थान में ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ अभियान शुरू, बारिश से खराब फसल का 72 घंटे में मिलेगा बीमा क्लेम
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2025 सीजन में देशभर में अब तक 8 करोड़ 71 लाख बीमा पॉलिसियां करवाई गई हैं। इनमें से 2 करोड़ 16 लाख यानी करीब 25 प्रतिशत पॉलिसियां अकेले राजस्थान से जुड़ी हैं। यह जानकारी कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने दी।
बुधवार को पंत कृषि भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने किसानों को बीमा पॉलिसियां वितरित कर ’मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ अभियान की शुरुआत की। मंत्री ने बताया कि 1 से 31 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविर लगाकर घर-घर बीमा पॉलिसियां पहुंचाई जाएंगी।
लाखों किसानों को होगा फायदा:-
इस अभियान के दौरान लगभग 32.10 लाख किसानों को करीब 2.16 करोड़ पॉलिसियां सौंपी जाएंगी। साथ ही कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को नई तकनीक और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी देंगे।
पॉलिसी ऐसे प्राप्त करें:-
अगर कोई किसान शिविरों में पॉलिसी लेने से वंचित रह जाता है, तो वह अपने नजदीकी कृषि पर्यवेक्षक या बीमा कंपनी के स्थानीय कार्यालय से पॉलिसी प्राप्त कर सकता है।
बारिश से खराब फसल पर मिलेगा मुआवजा:-
कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल अगर बारिश से खराब हो जाती है तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान की भरपाई होगी। हालांकि इसके लिए किसान को 72 घंटे के भीतर खराबे की सूचना कृषि विभाग को देना जरूरी होगा।

