खुशखबरी: 8 लाख से अधिक किसानों को मिलेगी राहत, CM भजनलाल ने फसल खराबे में कृषि अनुदान को दी स्वीकृति

R.खबर ब्यूरो। जयपुर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस वर्ष अतिवृष्टि के कारण खरीफ फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए किसानों के हित में एक संवेदनशील निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने 6 जिलों के किसानों के लिए कृषि अनुदान वितरण को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे लाखों किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, प्रभावित किसानों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से कृषि अनुदान वितरण करने की मंजूरी दी गई है। इस निर्णय के तहत 6 जिलों की 40 तहसीलों के 2,961 गांवों को अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित करने के प्रस्ताव को अनुमोदन मिला है।

इस निर्णय से अजमेर, अलवर, झुंझुनूं, कोटा, पाली और बांसवाड़ा जिलों के आठ लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। अतिवृष्टि के चलते इन क्षेत्रों में खरीफ फसलों को भारी नुकसान हुआ था। सरकार के इस कदम से प्रभावित किसानों को फसल खराबे की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे वे आगामी रबी सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से कर सकेंगे।