हनुमानगढ़: महापंचायत के बाद एथेनॉल प्लांट पर बवाल, भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ी व 14 वाहन जलाए; आज भी इंटरनेट बंद, कस्बा छावनी बना
Hanumangarh News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के बीच हालात गुरुवार को भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। सुबह से ही प्रदर्शन स्थल के पास स्थित गुरुद्वारे में किसानों की भारी भीड़ जमा है, जिससे तनाव बढ़ने की आशंका है। एहतियातन टिब्बी क्षेत्र में आज भी इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। जिले में सुरक्षा के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है और हर गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर है।

बुधवार को बेकाबू हुए हालात:-
बुधवार को राठीखेड़ा गांव के पास चक पांच आरके में 15 माह से चल रहे आंदोलन ने महापंचायत के बाद अचानक उग्र रूप ले लिया। भीड़ बैरिकेडिंग तोड़कर निर्माणाधीन फैक्ट्री के परिसर में घुस गई और कई जगह दीवारें गिरा दीं। उपद्रवियों ने करीब 14 वाहनों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की।

पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। इसके जवाब में प्रदर्शनकारियों ने ईंट-पत्थर बरसाए। झड़प में करीब तीन दर्जन लोग घायल हुए, जिनमें 24 पुलिसकर्मी और 12 आंदोलनकारी शामिल हैं। तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई गई है।
विधायक अभिमन्यु पूनिया घायल:-
झड़प के दौरान विधायक अभिमन्यु पूनिया भी सिर में चोट लगने से घायल हुए। उन्हें हनुमानगढ़ के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम तक बड़ी संख्या में आंदोलनकारी फैक्ट्री परिसर में डटे रहे, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

महापंचायत के बाद भड़का गुस्सा:-
बुधवार सुबह एसडीएम कार्यालय के बाहर हुई महापंचायत में किसानों, महिलाओं, युवाओं और किसान संगठनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया था। नेताओं ने मांग रखी कि फैक्ट्री निर्माण तुरंत रोका जाए और किसानों की सहमति के बिना कोई कार्य आगे न बढ़ाया जाए। दोपहर दो बजे तक लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर भीड़ आक्रोशित हो उठी और फैक्ट्री की ओर कूच कर गई।

फैक्ट्री में भारी नुकसान:-
फैक्ट्री परिसर में घुसने के बाद भीड़ ने ट्रैक्टर से दीवारें तोड़ी, कार्यालयनुमा ढांचे व मशीनरी को आग के हवाले कर दिया। परिसर में खड़े वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस पर पथराव होने के बावजूद हजारों की भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं हुई।
कस्बा छावनी में तब्दील:-
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मंगलवार रात ही इंटरनेट बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह से कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बाजार पूरी तरह बंद रहा। पंजाब और हरियाणा से भी किसान संगठनों के आने से भीड़ और बढ़ गई। हालात संभालने के लिए अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाना पड़ा। गुरुवार सुबह भी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

