इस जगह नए साल की सुबह पति ने पत्नी का किया मर्डर, पढ़े पूरी खबर

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के गंगापुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जंहा पिछले कुछ दिनों से दंपती के बीच चल रहे मनमुटाव ने नए साल की सुबह कत्ल का रुप ले लिया। जंहा मामूली कहासुनी के बाद तैश में आये पति ने पत्थर मारकर पत्नी की हत्या कर दी।

यह वारदात गंगापुर थाने के झुमपुरा गांव में हुई। कत्ल से न केवल ग्रामीणों में सनसनी फैल गई, बल्कि नववर्ष की खुशियां भी शोक में बदल गई। पुलिस ने आरोपित पति को डिटेन कर लिया है। मृतका के पीहर पक्ष के अहमदाबाद से आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। 

फिलहाल शव को गंगापुर अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। गंगापुर डीएसपी रविंद्रप्रताप सिंह ने बताया कि झुमपुरा निवासी बद्रीलाल व उसकी पत्नी प्रेमदेवी उम्र 42 वर्ष के बीच कुछ समय से पारिवारिक मामलों को लेकर मनमुटाव चल रहा था।

इसी के तहत बुधवार की सुबह इस दंपती के बीच एक बार फिर बोलचाल हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पति बद्रीलाल तैश में आ गया और उसने पत्थर उठाकर पत्नी प्रेम देवी के सिर में मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार पति के द्वारा मारा गया पत्थर प्रेम देवी के सिर में लगा। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं निढाल होकर गिर पड़ी। उसे तत्काल गंगापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने प्रेमदेवी को मृत घोषित कर दिया।