IMD Update: उत्तर-पश्चिम राजस्थान में सर्दी ने रफ्तार पकड़ी, शेखावाटी सबसे सर्द; अगले 48 घंटों में मौसम बदलने और हल्की बारिश के संकेत
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में हवा का रुख बदलने और तापमान में लगातार गिरावट के साथ ठंड का असर तेज होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 48 घंटों में मौसम में बदलाव संभव है।
27 और 28 नवंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं दिसंबर की शुरुआत से ठंड के तेज होने की पूरी उम्मीद है।
प्रदेश में गिरा दिन का तापमान :
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उतार–चढ़ाव बना रहा। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई। राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 2–3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।
सोमवार को अजमेर में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 कम है। इसी तरह से भीलवाड़ा में तापमान 25.7 रहा, जो सामान्य से 2.6 कम दर्ज हुआ। कोटा में अधिकतम तापमान 26.3 रहा, जो सामान्य से 1.8 कम है। जयपुर में दिन का तापमान 26.5 रहा और यह सामान्य से 1.4 कम रहा।
वहीं कुछ शहरों में अभी भी दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। चित्तौड़गढ़ – 28.5°C (3.2 ऊपर), डबोक – 25.8°C (3.3 ऊपर), फलोदी – 27.6°C (3.3 ऊपर)
शेखावाटी में ठंड चरम पर
शेखावाटी क्षेत्र में कड़कड़ाती ठंड का असर साफ दिख रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 6–8°C के बीच दर्ज किया जा रहा है।
फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 4.5°C तक पहुंच गया।
अन्य जगहों पर:
- सीकर – 6.5°C
- चूरू – 6.8°C
- पिलानी – 8.2°C
- झुंझुनू – 8.7°C
इनमें से कई तापमान सामान्य से 2–3 डिग्री कम रहे।
कई शहरों में पारा 10°C से नीचे
सर्द हवाओं के कारण कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है।
- नागौर – 6.9°C
- दौसा – 7.8°C
- करौली – 8.4°C
- अलवर – 8.5°C
- श्रीगंगानगर – 9.3°C

