राजस्थान में इंदिरा गांधी की प्रतिमा खंडित, कांग्रेसजनों में भारी आक्रोश, अशोक गहलोत ने कही बड़ी बात
R.खबर ब्यूरो। बाड़मेर, सर्किट हाउस के पास स्थित इंदिरा सर्कल पर लगी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा को अज्ञात तत्वों ने खंडित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। फिलहाल प्रतिमा को अस्थायी रूप से ठीक कर दिया गया है।
पढ़े:- नीरजा मोदी स्कूल हादसा: मां की चीखों में टूटी उम्मीदें, पिता की आंखों में बस रह गया सन्नाटा
अशोक गहलोत ने की तीखी निंदा:-
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए इसे “बेहद निंदनीय और चिंताजनक” बताया। गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा— बाड़मेर में देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जी की मूर्ति को खंडित किए जाने की खबर दुखद है। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया। उनके बलिदान दिवस के अगले ही दिन ऐसी घटना होना बेहद निंदनीय है।”
उन्होंने पुलिस से तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि सरकार को महान नेताओं की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन:-
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे इंदिरा गांधी के अपमान से जोड़ते हुए विरोध जताया। कांग्रेसजनों ने जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप:-
स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्किट हाउस के पास स्थित यह सर्कल इंदिरा गांधी की स्मृति में बनाया गया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया था। शुरुआत में इसका सौंदर्यीकरण किया गया था, लेकिन नगर परिषद की उपेक्षा के चलते अब यह स्थान अव्यवस्था का शिकार है। कांग्रेस कार्यकर्ता केवल जयंती और पुण्यतिथि पर ही इसकी देखरेख करते हैं।
नाक का हिस्सा टूटा मिला:-
जिला कांग्रेस संगठन मंत्री मेवाराम सोनी ने बताया, “हमें सोशल मीडिया से सूचना मिली कि प्रतिमा खंडित कर दी गई है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि इंदिरा गांधी की नाक का हिस्सा जमीन पर पड़ा था। यह अत्यंत दुखद है।” उन्होंने एसपी से सख्त कार्रवाई और सर्कल पर सीसीटीवी लगाने की मांग की।
सोशल मीडिया पर भी गूंजा विरोध:-
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कांग्रेस नेता हरीश चौधरी ने लिखा — यह सिर्फ एक मूर्ति नहीं, बल्कि हमारे समाज के बदलते चिंताजनक रुख का संकेत है। वहीं सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा — यह हमला भारत की नारी शक्ति और दृढ़ नेतृत्व के प्रतीक पर है। इसके अलावा पूर्व विधायक मेवाराम जैन, लक्ष्मणसिंह गोदारा, ठाकराराम माली सहित कई नेताओं ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच जारी:-
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि प्रतिमा को अस्थायी रूप से ठीक कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद ली जा रही है। — नरेंद्र सिंह मीना, एसपी बाड़मेर

