जॉइंट डायरेक्टर की अचानक मौत, 2 दिन पहले हुई थी शादी

अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में रह रहे डिफेंस रिसर्च एंड डवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) के जॉइंट डायरेक्टर आदित्य वर्मा (31 वर्ष) की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि आदित्य गुरुवार को सुबह 5 बजे फ्रेश होने के लिए बाथरूम में गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उन्हें आवाज दी, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जिसके बाद बाथरूम का गेट तोड़ कर देखा, तो आदित्य फर्श पर अचेत पड़े हुए थे। परिजन सुबह 6.30 बजे सामान्य अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। अलवर शहर के शिवाजी पार्क के मकान नंबर 1-ख 22 में नई दुल्हन के आगमन पर मंगल गीत गाए जा रहे थे। घर में रिश्तेदारों-परिचितों की भीड़ थी। कॉलोनी की महिलाएं बधाई देने आ रही थीं। इस घर में दो दिन पहले बेटे आदित्य की शादी पर शहनाइयां बज रही थीं। दुल्हन नव्या के गृह प्रवेश के साथ घर में खुशी का माहौल था, लेकिन गुरुवार सुबह यह खुशियां मातम में बदल गईं। आदित्य बाथरूम में फ्रेश होने गया और वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही नवविवाहिता नव्या बेसुध होकर अस्पताल परिसर में फर्श पर गिर पड़ी।