rkhabar
rkhabar
rkhabar

rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar

भारत और रूस का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘इंद्र-2025’ बीकानेर में शुरू, आतंकवाद-रोधी तकनीकों पर फोकस

R.खबर ब्यूरो। बीकानेर, भारत और रूस के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘इंद्र-2025’ (Indra-2025) सोमवार से बीकानेर जिले की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में शुरू हो गया है। यह अभ्यास 15 अक्टूबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच आधुनिक युद्ध तकनीक, आतंकवाद-रोधी अभियानों और सामरिक तालमेल को मजबूत करना है।

अभ्यास में करीब 250 रूसी सैनिक भारतीय सेना के साथ हिस्सा ले रहे हैं। रेगिस्तानी इलाके में हो रहे इस हाई-इंटेंसिटी अभ्यास में संयुक्त सामरिक अभ्यास, लाइव फायर ट्रेनिंग, क्लोज क्वार्टर कॉम्बैट और कठिन परिस्थितियों में संचालन जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह:-

अभ्यास का औपचारिक शुभारंभ महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में हुआ। भारत की ओर से मेजर जनरल संजय चंद्रा कंडपाल, कमांडर गांडीव डिवीजन, और रूस की ओर से मेजर जनरल आंद्रे कोजलोव उपस्थित रहे। दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।

प्रशिक्षण और मिशन:-

रूसी सैनिक 1 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे। शुरुआती सामंजस्य बैठकों और ब्रीफिंग्स के बाद दोनों सेनाओं ने बंधक-मुक्ति (होस्टेज रेस्क्यू), आतंकवादी ठिकानों के उन्मूलन और किलेबंद ठिकानों पर सटीक हमले जैसे सिम्युलेटेड मिशन स्थितियों में प्रशिक्षण शुरू किया। सभी अभ्यास सख्त सैन्य अनुशासन और अंतरराष्ट्रीय युद्ध नियमों के तहत किए जा रहे हैं।

रणनीतिक महत्व:-

‘इंद्र’ श्रृंखला का यह अभ्यास भारत-रूस रक्षा सहयोग को मजबूत करने और आपसी भरोसे को बढ़ाने का प्रतीक है। बीकानेर के कठिन रेगिस्तानी इलाके में चल रहे यह युद्धाभ्यास दोनों देशों की सेनाओं की रणनीतिक तैयारी, तालमेल और युद्ध कौशल को परखने का महत्वपूर्ण अवसर है।